कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के पति व उद्योगपति राबर्ट वाड्रा सोमवार को धार्मिक यात्रा पर उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने ज्योतिर्लिंग महाकाल, हरसिद्धि व अंगारेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में वाड्रा ने नंदी मंडपम से भगवान महाकाल के दर्शन किए। पुजारियों ने उनकी ओर से भगवान महाकाल को जल, दूध अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह हरसिद्धि मंदिर पहुंचे। माता हरसिद्धि के दर्शन कर खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया। अंगारेश्वर महादेव मंदिर में पंचामृत अभिषेक, पूजन किया।
राम मंदिर के लोकार्पण का निमंत्रण मिलेगा तो जरूर जाऊंगा
मीडिया से चर्चा में कहा कि राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में मुझे बुलाया तो मैं अवश्य अयोध्या जाऊंगा। हम सभी धर्म को समान रूप से देखते हैं। अगर मुझे अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में जाने का निमंत्रण मिलता है तो मैं जरूर जाऊंगा।
वाड्रा ने कही ये बात
मीडिया से बातचीत में वाड्रा ने कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रियंका व राहुल गांधी मेहनत कर रहे हैं। कर्नाटक की तरह यहां भी बदलाव देखने को मिलेगा। मध्य प्रदेश में कमलनाथ व दिग्विजय सिंह के बीच मतभेद के सवाल पर वाड्रा ने कहा कि दोनों के बीच कोई विवाद नहीं है। सब कुछ ठीक चल रहा है और अच्छा ही होगा।