राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य भारत प्रांत के निर्वाचन मुरैना में आयोजित प्रांत कार्यकर्ता सम्मेलन में संपन्न हुए, जिसमें श्री अशोक पांडेय पुनः प्रांत संघचालक निर्वाचित हुए हैं। प्रांत संघचालक ने प्रांत कार्यकारिणी की घोषणा की। प्रांत सह–संघचालक के रूप में डॉ. राजेश सेठी (भोपाल) की घोषणा की गई। पूर्व में प्रांत सह–कार्यवाह हेमंत सेठिया (राजगढ़) अब प्रांत कार्यवाह नियुक्त हुए हैं। प्रांत सह–कार्यवाह के रूप में संतोष मीणा (भोपाल) की घोषणा हुई है। पूर्व प्रांत कार्यवाह यशवंत इंदापुरकर की घोषणा क्षेत्र कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में की गई। इससे पूर्व सम्मेलन में 9 फरवरी की संध्या को आठों विभागों के निर्वाचन भी संपन्न हुए। इस अवसर पर सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कार्यकर्ताओं का प्रबोधन किया।
कार्यकर्ता सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि हम दुनिया में नया इतिहास घटित होते हुए देख रहे हैं। भारत भी करवट बदल रहा है। पिछले कई वर्षों में अनेक महानुभावों ने जो पुरुषार्थ किया है, उनका परिणाम आज दिख रहा है। हम सब निकट भविष्य में भारत को विश्वगुरु के रूप में देखेंगे, इसके लिए हमें भी अपनी तैयारी करनी होगी। उन्होंने कहा 2025 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। लेकिन अभी हमारा लक्ष्य पूर्ण नहीं हुआ है। अभी तो आधार बना है। वास्तविक कार्य करने का समय तो अब आया है। हम 2025 तक अपने संगठन की रचना पूरी करें। भविष्य में समाज को राष्ट्रीय दिशा देने के लिए हमारे कार्यकर्ताओं को अपना आत्म विकास करना होगा। आज संघ की ओर अपेक्षा से देखा जा रहा है। समाज जीवन के सभी प्रश्नों का उत्तर लोग संघ से चाहते हैं। हमें ऐसे समाज का निर्माण करना है, जो अपने प्रश्नों का समाधान करने में स्वयं सक्षम हो। सरसंघचालक जी ने कहा कि समाज में संघ के अलावा भी बहुत सारी सज्जन शक्ति रचनात्मक एवं सृजनात्मक कार्य कर रहे हैं। हमें समाज की सज्जन शक्ति का भी सहयोग लेना चाहिए और उन्हें भी सहयोग करना चाहिए।