ऑल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी के तत्वावधान में इस बार भी ईद उल फित्र जोश-खरोश के साथ परम्परागत ढंग से मनाई जाएगी, ताज उल मसाजिद, ईदगाह सहित 250 से अधिक मस्जिदों, ख़ानक़ाहों, दरगाहों इमामबाड़ों, मैदानों, हालों में भी लाखों बंदे अदा करेंगे ईद की खुसूसी नमाज़….
भोपाल। विश्वभर में रमज़ान उल मुबारक के रोजों के बाद मनाया जाने वाला देश के करोड़ों मुसलमानों का सबसे बड़ा ईद उल फित्र का पवित्र त्यौहार प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी आल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी के तत्वावधान में बेहद जोश-खरोश के माहौल में हर्षोंल्लास के साथ मनाया जाएगा। 10 अथवा 11 अप्रैल 2024 को ईद के दिन सभी एक दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद पेश करेंगे।
ऑल इंडिया मुस्लिम त्यौहार के चैयरमेन पीरज़ादा हज़रत डॉ. औसाफ़ शाहमीर खुर्रम मियां चिश्ती ने प्रदेश वासियों को ईद की शुभकामनायें देते हुए अपने संदेश में कहा है कि अल्लाह पाक के फ़ज़ल-ओ-करम से ईद का यह त्यौहार हमारे लिए सभी प्रकार की खुशियां और सुख, समृद्धि लाए तथा हम सब मिलजुल कर परस्पर सहयोग, सद्भाव और भाईचारे की भावना से समाज और देश के विकास में अपनी भूमिका का बेहतर ढंग से निर्वाहन करते रहें। उन्होंने बताया कि ईद की नमाज़ अदा करने की तरह ही सदका-ए-फित्र की अदायगी भी हर धनवान मालदार और साहिबे निसाब मुसलमान पर वाजिब है। इसलिये वह खुद अपनी तरफ से और अपने एहलोअयाल (परिजनों) की तरफ से भी अपने मोहल्ले तथा आसपास के गरीबों, अनाथों विकलांगों फ़क़ीरों को इसे फ़ौरन अदा करें और इसके लिये फीनफर (प्रतिव्यक्ति) एक किलो छःसौ तैंतीस ग्राम गेहूं (अनाज) या उसकी कीमत जो वर्तमान भाव में लगभग 70/- (सत्तर रुपये) होती है इसे हर एक धनवान मुसलमान को अदा करना ज़रूरी है। यह अदायगी ईद की नमाज़ से पहले और बाद में भी की जा सकती है।
ऑल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी राज्य इकाई के प्रदेश महासचिव श्री क़ाज़ी सैययद अनस अली चिश्ती द्वारा इस संबंध में दी गई अधिकृत जानकारी के अनुसार ऑल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी के चैयरमेन कायदे मिल्लत, पीरज़ादा, अलहाज, हज़रत डॉ. औसाफ शाहमीर खुर्रम मियां चिश्ती साहब की हिदायत के मुताबिक शहर की जामा मस्जिद, ईदगाह तथा अनेक प्रमुख मस्जिदों के अलावा अन्य कई मस्जिदों, ख़ानक़ाहों, दरगाहों इमामबाड़ों एवं मैदानों में तथा सेन्ट्रल जेल सहित शहर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी ईद की विशेष नमाज़ अदा करने के लिए परम्परागत व्यवस्था की जायेगी। जहां लाखों मुसलमान सामूहिक रूप से ईद की नमाज पढ़ेंगे। इस हेतु ऑल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी के कार्यकर्ता तथा आयोजक अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था करेंगे।
ईद की नमाज अदा करने के बाद सभी मुस्लिम बंधु एक दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाईयां और मुबारकबाद पेश करेंगे तथा घरों में शीर खुरमा एवं मीठी सिवैयों के भी व्यजन बनाए जाऐंगे। अनेक मुस्लिम बंधू शहर के क़ब्रस्तानों, दरगाहों ख़ानक़ाहों में जाकर दरूद-फ़ातेहा ख़्वानी भी करेंगे।
मस्जिदों में ईद की नमाज़ का समय
श्री क़ाज़ी सैयद अनस अली चिश्ती ने बताया कि इस बार शहर की ईदगाह में सुबह 7ः15 ताज-उल-मसाजिद में सुबह 7ः45 तथा जामा मस्जिद में 7.30 एवं मोती मस्जिद में 8ः00 बजे ( आठ बजे) ईद की विशेष नमाज होगी। इसके अलावा जामा मस्जिद एहले हदीस (कबाड़खाना) में सुबह 7.00 (सात बजे), सभी जामा मस्जिद अहले हदीस तथा मस्जिदों में नमाज़ निर्धारित समय पर होगी।सुन्नी जामा मस्जिद सक़लैनी अशोका गार्डन में पहली नमाज़ सुबह 7ः00 बजे और दूसरी नमाज़ 7ः45 होगी तथा नूरूल मसाजिद (माता मंदिर के पास) में 7ः30 बजे, मस्जिद आरिफ नगर में 8ः15 बजे, मस्जिद हबीबगंज में 7ः30 बजे, इमामबाड़ा फतेहगढ़ में 7.00 बजे, जामा मस्जिद टी.टी. नगर में 8.00 बजे, जामा मस्जिद गोविंदपुरा में सुबह 8.00 बजे, जामा मस्जिद पिपलानी में 8.15 बजे, जामा मस्जिद बैरागढ़ केम्प नं. 12 में भी 8.00 बजे, जामा मस्जिद रसूलाबाद करोंद में 8.00 बजे, ज़ैयनउल मसाजिद ऐशबाग़ में 7ः45 मस्जिद सराय सिकंदरी रेल्वे स्टेशन में 7ः45 बजे,जामा मस्जिद चाँदबड़ में 7ः30 बजे, जामा मस्जिद बाग़ फ़रहत अफ़ज़ा 8ः00 बजे जामा मस्जिद चारमीनार ऐशबाग़, 7ः15 बजे मस्जिद बिस्मिल्लाह कोलोनी 7ः30 जामा मस्जिद शेडों वाली अशोका गार्डन में 7ः30 बजे सिकंदरिया ग्राउंड जहांगीराबाद में 8.00 बजे तथा इकबाल मैदान में 8ः15 बजे, मस्जिद रब्बानी प्रेस काम्पलेक्स एम.पी. नगर, में 7.45 बजे, जामा मस्जिद गांधी नगर में, 8.00 बजे, शिया जामा मस्जिद आले मोहम्मद करोंद में 7.15 बजे इमाम बाड़ा फ़तेहगढ़ में 7ः15 बजे इमामबाड़ा ईरानियांन में 7.30 बजे होगी शिया मस्जिदों इमाम बाड़ों में ईद की नमाज़ में महिला पुरूष सभी शामिल होंगे। मस्जिद बाग़सेवनियां में 7.45 बजे मस्जिद सोनागिरी में 7.45 बजे, मस्जिद अहमदपुर में 7.30 बजे, जामा मस्जिद नबीबाग़ में 7.30 बजे, मस्जिद आलम नगर अयोध्या बायपास रोड में 8.00 बजे, मस्जिद पिपलिया ज़ाहिर पीर जामा मस्जिद भानपुर में 7.45 बजे मस्जिद अन्ना नगर भेल तथा बरकतउल्ला यूनिवरसिटी में 7.45, मस्जिद रविशन्कर नगर में 8.00 बजे, मस्जिद हताई खेड़ा में 7.45 बजे ईद की विशेष नमाज होगी। दूसरी ओर ईदगाह बैरासिया एवं ईदगाह मंडीदीप में 7.30 बजे, जामा मस्जिद इनायतपुर कोलार रोड में 7.30 बजे, जामा मस्जिद बैरागढ़चीचली कोलार रोड में 8.00 बजे, जामा मस्जिद जनता नगर 1100 क्वाटर में 8.00 बजे, मस्जिद अब्बास नगर गोंदरमऊ में 7.45 बजे मस्जिद फ़ैज़ एयरपोर्ट रोड में 7.45 बजे, मस्जिद भदभदा रोड में 7.45 बजे सहित बैरसिया एवं राजधानी के आसपास भेल-बैरागढ़-कांलार-मिसरोद शाहपुरा, ईंटखेड़ी, सूखी सेवनियां, पर्वा खेड़ा, खजूरी, हिनौतिया, गेहूँ खेड़ा, गोल कजली खेड़ा, तथा अन्य कई ग्रामीण क्षेत्रों में भी ईद की विशेष नमाज़ पढ़ी जाएगी। इसके अलावा सभी शहरों और कस्बों में भी वहां के मुक़ामी उलेमा साहेबान अथवा मुस्लिम समाज के प्रमुख नमाज अदा कराएंगे। नमाज़ के बाद विशेष दुआ की जाएगी। विश्व शान्ति अमन सलामती भारत के कल्याण एंव भारत वासियों की ख़ुशहाली के लिये सामूहिम इजतिमाई दुआ भी कराई जाएगी।
उन्होंने आगे बताया कि राजधानी की ईदगाह सहित एशिया की सबसे बड़ी ताजउल मसाजिद में ईद की नमाज के बाद मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों सहित शहर के कई नेतागण बुद्ध जीवी, समाज सेवी एवं अन्य गाणमान्य नागरिक भी मुस्लिम बंधुओं को जामा मस्जिद, मोती मस्जिद सहित शहर की अन्य मस्जिदों के दरवाज़ों पर भी ईद की परम्परागत मुबारक बाद पेश करने के लिए विशेष रूप से पहुंचेंगे। और गले मिलकर बधाई देंगे। ईद उल फित्र के पावन पर्व पर मुस्लिम बंधु ईद की विशेष नमाज़ अदा करने तथा सदक़ा-ए-फ़ित्र अदा करने सहित मीठी सिवैयों तथा मैवों से बने हुए शीर खुरमे का भी विशेष रूप से सेवन करते हैं। ईद के दिन मुसलमानों के घर पहुंचने वाले अतिथियों का सत्कार भी मुस्लिम बंधु मीठी सिवैयों एवं शीरखुरमे से ही करते हैं। इस दिन सभी मुस्लिम धर्मावलम्बी उजले और नए कपड़े पहनते हैं तथा खुशबुएं लगाते हैं। ईद से पूर्व की रात जो कि ‘‘चांद रात’’ कहलाती है जिसमें अनेक बुजुर्ग मस्जिदों में रतजगा करके विशेष इबादत करते हैं तथा सर्वहरा वर्ग की सुख शांति के लिये दुआएं करते हैं। जबकि कई मुस्लिम बंधु इस रात में बाज़ारों में ख़रीदारी करते हैं इस वास्ते चांद रात में बाजारों में काफी चहल-पहल रहती है। ईद के दिन मुस्लिम बच्चों में विशेष उत्साह पाया जाता है। सभी बच्चे अपने बुजुर्गों और परिवार के बड़ों के साथ सुबह सवैरे ईद की नमाज अदा करने अपने-अपने घरों से जामा मस्जिद,ईदगाह तथा मोहल्लों की मस्जिदों की ओर पैदल अथवा सवारियों पर कूच करते हैं ईद के दिन शाम को तथा उसके दूसरे, तीसरे दिन यहां तक कि पखवाड़े भर शहर में जगह-जगह ईद मिलन के कार्यक्रम भी होते हैं। देशभर में और विशेषकर भोपाल में ईद का त्यौहार परस्पर सद्भाव, एकता और भाईचारे की भावना से मनाया जाता है।
भवदीय,
क़ाज़ी सैययद अनस अली चिश्ती
प्रदेश महासचिव