भोपाल मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन सोमवार के पहले आज, भारतीय जनता पार्टी ने विदिशा और गुना विधानसभा सीट के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी।
भाजपा ने विदिशा से मुकेश टंडन और गुना (अजा) से पन्नालाल शाक्य को उम्मीदवार बनाया गया है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी पार्टी ने टंडन को ही मैदान में उतारा था, लेकिन वे कांग्रेस के शशांक भार्गव से चुनाव हार गए थे। टंडन का इस बार भी मुकाबला श्री भार्गव से ही होगा। कांग्रेस उनके नाम की पहले ही घोषणा कर चुकी है।
वहीं गुना सीट से पार्टी ने पूर्व विधायक पन्नालाल शाक्य पर दांव खेला है। गुना से वर्तमान में भाजपा के गोपीलाल जाटव विधायक हैं। उनके स्थान पर इस बार श्री शाक्य पर भरोसा जताया गया है। शाक्य का मुकाबला कांग्रेस के पंकज कनेरिया से होगा।
भाजपा इसके पहले 230 विधानसभा क्षेत्रों में से 228 पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। इन दोनों शेष सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का लंबे समय से सभी को इंतजार था। कांग्रेस पहले ही दो सूचियों के माध्यम से अपने सभी प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है।
प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होना है। इसके लिए नामांकन दाखिले की कल अंतिम तिथि है।